जोरदार बारिश के बाद किसान जुटे बोवनी में

प्रदेश में खरीफ बोनी ने पकड़ी रफ्तार





अब तक 101 लाख हे. में हुई बुवाई


भोपाल। प्रदेश में मानसून के दुबारा सक्रिय होने के साथ ही खरीफ की बोनी ने रफ्तार पकड़ ली है। अब तक राज्य में 101 लाख 46 हजार हे. में बोनी कर ली गई है जबकि गत वर्ष इस समय तक 100.46 लाख हेक्टेयर में बोनी हुई थी।


जानकारी के मुताबिक प्रदेश में खरीफ फसलों का सामान्य क्षेत्र 118.50 लाख हेक्टेयर है। इस वर्ष 137.01 लाख हेक्टेयर में खरीफ फसलें लेने का लक्ष्य रखा गया है इसके विरुद्ध 22 जुलाई तक 101.46 लाख हेक्टेयर में बोनी कर ली गई है जो लक्ष्य के विरुद्ध 74 फीसदी है।


प्रदेश की प्रमुख खरीफ फसल सोयाबीन की बोनी अब तक 47.37 लाख हेक्टेयर में हो गई है जबकि गत वर्ष इस अवधि में 44.80 लाख हेक्टेयर में बोनी हुई थी। वहीं दूसरी प्रमुख फसल धान की बोनी अब तक 10.55 लाख हेक्टेयर में हुई है जबकि गत वर्ष इस समय तक 11.81 लाख  हेक्टेयर में बुवाई हो गई थी। अन्य प्रमुख फसलों में अब तक ज्वार 1.05, मक्का 14.13, तुअर 3.65, उड़द 11.83, मूंग 1.25, मूंगफली 1.70 एवं कपास 6 लाख हेक्टेयर में बोई गई है।


कृषि विभाग के मुताबिक राज्य में अब तक कुल अनाज फसलें 27.83 लाख हेक्टेयर में, दलहनी फसलें 16.83 लाख हेक्टेयर में एवं तिलहनी फसलें 50.79 लाख हेक्टेयर में बोई गई हंै।